नेवढ़िया के गोपालापुर (भाऊपुर) में भीषण आग, कई बाइक जली; बाइक मैकेनिक असलम गंभीर रूप से झुलसा

0
74

नेवढ़िया के गोपालापुर (भाऊपुर) में भीषण आग, कई बाइक जली; बाइक मैकेनिक असलम गंभीर रूप से झुलसा

जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के गोपालापुर (भाऊपुर) गांव में रविवार को एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि मकान में रखी कई बाइकें जल गईं। वहीं, आग की चपेट में आने से बाइक मैकेनिक असलम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भाऊपुर निवासी असलम बाइक रिपेयरिंग का काम करता है। गोपालापुर में उसकी बाइक रिपेयरिंग की दुकान (गैराज) है। बताया जाता है कि उसने कुछ बाइकें अपने घर पर भी रखी थीं। रविवार को अचानक उसके मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान में रखा सामान तथा कई बाइकें आग की चपेट में आ गईं। मकान से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही नेवढ़िया पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कई बाइकें जल गईं और मकान में काफी नुकसान हो गया था।

वहीं, आग की चपेट में आने से बाइक मैकेनिक असलम गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here