नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी

0
142

नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी

बेड पर पत्नी का शव, फंदे से लटका मिला पति; तीन माह पहले हुई थी शादी

जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव में बुधवार रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह कमरे का दरवाजा तोड़कर परिजनों ने अंदर देखा तो पत्नी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि पति का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। एक ही कमरे में दोनों के शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार तिसौली गांव निवासी मिठाईलाल के 23 वर्षीय पुत्र गोविंद की शादी करीब तीन माह पूर्व 10 मई को 21 वर्षीय नेहा के साथ हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। विवाद के चलते नेहा कई बार अपने मायके भी चली जाती थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों रात में अपने कमरे में चले गए। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

कमरे में नेहा का शव बेड पर पड़ा था, जबकि गोविंद का शव फंदे से लटक रहा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि परिवार में गोविंद, उसके पिता मिठाईलाल और पत्नी नेहा रहते थे। गोविंद का छोटा भाई धर्मेंद्र रोजी-रोटी के सिलसिले में परदेश में रहता है, जबकि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है।

थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दंपती की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here