जौनपुर:सिर पर ठोस वस्तु से प्रहार कर महिला की हत्या, जेवरात गायब

0
104

सिर पर ठोस वस्तु से प्रहार कर महिला की हत्या, जेवरात गायब

नवनिर्मित मकान में तख्त पर मिला विवाहिता का रक्तरंजित शव, बढ़ई पर संदेह; पुलिस ने शुरू की जांच

खुटहन (जौनपुर), 6 सितंबर। पनौली गांव में सोमवार को नवनिर्मित मकान में 48 वर्षीय विवाहिता गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। महिला का रक्तरंजित शव मकान के भीतर कमरे में तख्त पर पड़ा मिला। सिर के माथे और पिछले हिस्से में चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया महिला के सिर पर किसी ठोस वस्तु से प्रहार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, स्वजनों ने हत्या के बाद महिला के सोने की चेन, कान की बालियां और पैरों की पायल गायब होने का आरोप लगाया है।

घटना की जानकारी मिलते ही शाहगंज सर्किल की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

बताया गया कि मृतका का पैतृक घर उसके नवनिर्मित मकान से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। स्वजनों के अनुसार, सोमवार को गुड़िया घर से यह कहकर निकली थीं कि नवनिर्मित मकान का दरवाजा ठीक कराने के लिए बढ़ई को बुलाया गया है। इसके बाद वह मकान पर चली गईं। दोपहर करीब ढाई बजे उनकी दोनों बेटियां स्कूल से घर लौटीं और नए मकान में पहुंचीं। वहां कमरे के भीतर तख्त पर उनकी मां का शव सीधा पड़ा था। सिर से खून बह रहा था।

मां को इस हालत में देखकर बेटियों की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। महिला की हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम मच गया।

स्वजनों ने जताया बढ़ई पर संदेह

परिवार के लोगों ने गांव के ही एक बढ़ई पर हत्या में संलिप्त होने का संदेह जताया है। हालांकि, स्वजनों ने किसी से पुरानी रंजिश होने से इनकार किया है। महिला के शरीर पर मिले चोट के निशानों और जेवरात गायब होने की बात सामने आने के बाद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मकान में कौन-कौन लोग आए-जाए थे।

घटनास्थल पर शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह, सरपतहां के प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय और खेतासराय के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह समेत शाहगंज सर्किल की पुलिस पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी भी जुटा रही है।

दो बेटे गुजरात में, पति विदेश में

मृतका के परिवार में दो पुत्र 22 वर्षीय सैफ अली और 20 वर्षीय फैज अली तथा दो पुत्रियां 18 वर्षीय सवा और 16 वर्षीय सानिया हैं। दोनों पुत्र गुजरात में रहते हैं, जबकि मृतका के पति मुख्तार अहमद विदेश में हैं। मां की हत्या की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग दोनों बेटों के आने का इंतजार करते रहे।

स्वजन दोनों बेटों के आने के बाद ही शव पुलिस के कब्जे में देने की मांग पर अड़े रहे। इससे पुलिस को शव के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा।

संदिग्धों से पूछताछ में जुटी पुलिस

थाना अध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के संबंध में संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और चोटों की स्थिति को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here