मिर्जापुर में 6 करोड़ का गांजा बरामद, ट्रक में छिपाकर हो रही थी तस्करी; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
36

मिर्जापुर में 6 करोड़ का गांजा बरामद, ट्रक में छिपाकर हो रही थी तस्करी; दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कोतवाली देहात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1204 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक जब्त, तीन मोबाइल व नकदी भी बरामद

मिर्जापुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब छह करोड़ रुपये कीमत का 1204 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 30 अक्टूबर 2026 को सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए ट्रक का नंबर MP 09 HH 8908 है। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया कुल 1204 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गणेश केवट उर्फ रमेश केवट (44 वर्ष), पुत्र रामनाथ केवट, निवासी अलहवा थाना हनुमना, जनपद मऊगंज, मध्य प्रदेश तथा शाबिर उर्फ लालू (30 वर्ष), पुत्र दोष मोहम्मद, निवासी डेरा पथरवा, थाना मऊगंज, जनपद मऊगंज, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

ओडिशा से गांजा लाकर करते थे सप्लाई

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से अवैध रूप से गांजा लाकर ट्रक में छिपाकर मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत आसपास के जनपदों में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। तस्करी से मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर आर्थिक लाभ लेते थे।

इन सामानों की हुई बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1204 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रक, तीन मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

इस मामले में थाना कोतवाली देहात पर मु0अ0सं0 515/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा मय पुलिस टीम, थाना कोतवाली देहात, जनपद मिर्जापुर की अहम भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी के विरुद्ध बड़ी बरामदगी के रूप में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here