सपा नेता भूपेश पांडेय ने जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली, मिठाई और उपहार भेंट कर बांटी खुशियां
मड़ियाहूं (जौनपुर)। दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और खुशियां बांटने का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जिला सचिव भूपेश पांडेय ने मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के मई, पचवल और सिधवन गांवों का दौरा कर पीडीए परिवार के जरूरतमंद लोगों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को मिठाई एवं उपहार भेंट कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर भूपेश पांडेय ने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज का हर वर्ग खुशियों में शामिल हो। दीपावली केवल दीप जलाने और रोशनी करने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का भी अवसर है। समाज के वंचित, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाना सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवीय संवेदना का भी परिचायक है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा गरीबों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और समाज के वंचित वर्गों के सम्मान, अधिकार एवं खुशहाली की पक्षधर रही है। पीडीए परिवार के प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी बनना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
भूपेश पांडेय की इस पहल से गांवों के जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने भी मिठाई और उपहार देकर उनके बीच दीपावली मनाने की पहल की सराहना की।
इस दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।














