श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की विशेष बैठक सम्पन्न, लोलारक दुबे बने मुख्य संरक्षक

0
25

श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की विशेष बैठक सम्पन्न, लोलारक दुबे बने मुख्य संरक्षक

रिपोर्ट-दीपक शुक्ला

जौनपुर। शहर के उर्दू बाजार स्थित श्री घनश्यामदास बैंकर के बगीचा में श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की एक विशेष बैठक वरिष्ठ संरक्षक एवं समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ पंडित ईशान चतुर्वेदी द्वारा भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजन-अर्चना के साथ किया गया। बैठक में महासमिति के संरक्षकगण, विशिष्ट सदस्य, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर संगठन की आगामी गतिविधियों और गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में महासमिति के मुख्य संरक्षक पंडित अवधेश चतुर्वेदी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगठन एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। उनके निधन के बाद मुख्य संरक्षक का पद रिक्त हो गया था, जिसे भरने के लिए महासमिति द्वारा विशेष बैठक आयोजित की गई।

आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव को ध्यान में रखते हुए संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने इस महत्वपूर्ण पद पर किसी अनुभवी एवं सक्रिय व्यक्ति को नियुक्त किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। विस्तृत विचार-विमर्श और सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार महासमिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे को मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया। इसके साथ ही पंडित ईशान चतुर्वेदी को महासमिति का नया संरक्षक सदस्य नामित किया गया।

अध्यक्षता कर रहे राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि लोलारक दुबे लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने हमेशा महासमिति के कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग प्रदान किया है। उनकी कार्यशैली, सरल व्यक्तित्व और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें मुख्य संरक्षक का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महासमिति और अधिक सशक्त होकर समाज एवं संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्य संरक्षक बनाए जाने की घोषणा के बाद उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ निर्णय का स्वागत किया तथा माल्यार्पण कर लोलारक दुबे का अभिनंदन किया। इस अवसर पर भावुक होते हुए लोलारक दुबे ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि महासमिति ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी संरक्षकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव सहित सभी कार्यक्रमों को भव्य और सफल बनाया जाएगा।

बैठक के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने संगठन की एकता, धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा युवाओं को भारतीय परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। अपने विचार व्यक्त करने वालों में अशोक शर्मा एडवोकेट, शशि कुमार श्रीवास्तव, अरशद कुरैशी, आनंद मिश्रा एडवोकेट, संजय अस्थाना पत्रकार, डॉ. अतुल प्रकाश यादव, अतुल सिंह, मेहदी रजा एडवोकेट, मनोज मिश्र एडवोकेट तथा विक्रम मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में आगंतुकों का स्वागत महासमिति के संयोजक नवीन सिंह बसगोती ने किया, जबकि अध्यक्ष दीपक जावा एवं कोआर्डिनेटर संजय जांडवानी ने संयुक्त रूप से सभी का आभार व्यक्त किया। बैठक का सफल संचालन मुख्य ट्रस्टी संजीव कुमार एडवोकेट ने किया।

बैठक को सफल बनाने में पवन दुबे, विशाल खत्री, आशीष बोस, चंद्रेश यादव, सुधांशु विश्वकर्मा, आदर्श श्रीवास्तव, अजय यादव, पृथु गुप्ता, अर्जुन पंजाबी, करन बिंद, संतोष पांडेय, शिवम बरनवाल, मनीष पांडेय, सौरभ बैंकर, पंकज जांडवानी, सुनील मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी धार्मिक आयोजनों को भव्य रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here