रामपुर-निगोह मार्ग निर्माण की गुणवत्ता पर विधायक डॉ. आर.के. पटेल सख्त, किया स्थलीय निरीक्षण
18 करोड़ की लागत से हो रहे चौड़ीकरण कार्य में मानकों से समझौता नहीं होगा : विधायक
रामपुर, जौनपुर। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रामपुर-निगोह मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य में गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने सोमवार को निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वपूर्ण परियोजना की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की जांच की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माणाधीन सड़क के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया तथा कार्य में प्रयुक्त सामग्री और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। ग्रामीणों ने शिकायत की कि सड़क के किनारों पर खुदाई कर गिट्टी डाले जाने के बाद न तो रोलर चलाया गया और न ही पर्याप्त पानी का छिड़काव किया गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. पटेल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण जैसे सार्वजनिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य पूरी पारदर्शिता और विभागीय मानकों के अनुरूप कराया जाए।

इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता विशाल सिंह ने बताया कि वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 5.5 मीटर किया जा रहा है। इसके लिए दोनों ओर 1.1 मीटर चौड़ाई और 75 सेंटीमीटर गहराई तक खुदाई कर आधार तैयार किया जा रहा है। इसके बाद पूरी सड़क पर 10.5 सेंटीमीटर मोटी गिट्टी की परत बिछाई जाएगी, फिर 6.5 सेंटीमीटर मोटी डामर परत तथा अंतिम रूप से 3 सेंटीमीटर की टॉप लेयर बिछाकर सड़क का निर्माण पूर्ण किया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ने स्वीकार किया कि उन्हें भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसकी जानकारी उन्होंने उच्चाधिकारियों एवं विधायक को दी थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाएगा तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग और उनके लगातार प्रयासों के फलस्वरूप इस सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना को शासन से स्वीकृति मिली है। रामपुर बाजार से निगोह, परियत होते हुए गोधना स्थित एनएच-731बी तक सड़क के विकास का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें प्रथम चरण में रामपुर बाजार से निगोह तक के हिस्से को स्वीकृति मिलने के बाद कार्य प्रारंभ कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़कें केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि आमजन के सुरक्षित और सुगम आवागमन का आधार होती हैं। जनता के कर के पैसे से बनने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्यों की निगरानी करें और कहीं भी अनियमितता दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रवीण मिश्रा, रमेश दुबे, सुनील यादव,मान सिंह पटेल, राकेश उपाध्याय, मनीष जायसवाल, पंचम मिश्रा, चिंटू जायसवाल, नंदलाल पटेल, मनीष यादव, प्रेमचंद पटेल एडवोकेट, नितेश पाठक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सड़क चौड़ीकरण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि परियोजना पूर्ण होने के बाद आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा।














