अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सपा जिला सचिव भूपेश पांडेय करेंगे 1100 पौधों का वृक्षारोपण व निःशुल्क वितरण
रामपुर/जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पीडीए के प्रमुख नेता अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर 1 जुलाई को जनपद जौनपुर में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष अभियान चलाया जाएगा। रामपुर विकास खंड के पचवल गांव निवासी समाजवादी पार्टी के जिला सचिव भूपेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में 1100 फलदार एवं छायादार पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा तथा आमजन के बीच उनका निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि यह अभियान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा लगातार घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं आमजन से “एक व्यक्ति–एक वृक्ष” का संकल्प लेने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा। उनके अनुसार अखिलेश यादव के जन्मदिन पर लगाया जाने वाला प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा का प्रतीक होगा।
राजनीतिक जिम्मेदारियों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर भूपेश कुमार पांडेय ने कहा कि वह वर्ष 2001 से समाजवादी पार्टी की निष्ठापूर्वक सेवा कर रहे हैं। पार्टी नेतृत्व भविष्य में जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसका वह पूरी ईमानदारी, समर्पण और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को संगठित एवं सक्रिय बनाना तथा आगामी चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और जनसेवा के माध्यम से समाजवादी पार्टी जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करेगी।
सपा नेता ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 1 जुलाई को आयोजित वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को सफल बनाएं।














