ओबरा में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का लोकार्पण, सुरक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़

0
24

ओबरा में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का लोकार्पण, सुरक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़

रिपोर्टर दीपक शुक्ला

सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के थाना ओबरा परिसर में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सोनभद्र जिलाधिकारी चर्चित गौड़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी (मुख्यालय) प्रभात राय तथा प्रभारी निरीक्षक ओबरा सदानंद राय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
लोकार्पण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा उनकी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। वहीं, साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों का शीघ्र पंजीकरण एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क से लोगों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से महिलाओं एवं साइबर अपराध के पीड़ितों को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता, परामर्श एवं त्वरित कार्रवाई की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी या महिला उत्पीड़न की घटना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना उत्तर प्रदेश पुलिस की प्राथमिकता है। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना आमजन के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित पुलिस कर्मियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here