बादशाही पेट्रोल पंप के पास आर्टिका और पिकअप की भिड़ंत, पांच घायल

0
19

बादशाही पेट्रोल पंप के पास आर्टिका और पिकअप की भिड़ंत, पांच घायल

एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा, मजलिस से लौट रहे थे कार सवार

खेतासराय (जौनपुर), संवाददाता।
नेशनल हाईवे-135ए पर खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही (मनेछा) स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की भोर में आर्टिका कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। कार में सवार लोग आजमगढ़ जनपद के पवई क्षेत्र में आयोजित शब्बेदारी की मजलिस से जौनपुर लौट रहे थे। दुर्घटना के दौरान कार का एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के मुफ़्ती मोहल्ला स्थित अंजुमन सज्जादिया कमेटी के सदस्य आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के समइसा गांव में आयोजित शब्बेदारी की मजलिस में शामिल होकर आर्टिका कार से जौनपुर लौट रहे थे। मंगलवार तड़के जैसे ही उनकी कार शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर बादशाही पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि कार का एयरबैग समय रहते खुल जाने से उसमें सवार लोगों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के लोग राहत कार्य में जुट गए।

हादसे में कार सवार सोनू (17), समीर (18), गाजी (21) और कासिम (19) निवासी जौनपुर को मामूली चोटें आईं। वहीं पिकअप चालक हरिशंकर यादव (48), निवासी फूलपुर (वाराणसी) भी घायल हो गए। बताया गया कि हरिशंकर यादव पिकअप में सोनपापड़ी लादकर शाहगंज की ओर जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।

खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि बादशाही पेट्रोल पंप के पास दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में करीब पांच लोग घायल हुए थे। सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here