तेज रफ्तार बस की साइड से पलटी स्कूल वैन, सात बच्चे घायल
तीन बच्चों को जिला अस्पताल रेफर, डीएम ने बताया—खतरे से बाहर
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस की साइड लगने से डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। दुर्घटना में सात बच्चे घायल हो गए, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि तीनों बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर से सुजानगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस की साइड स्कूल वैन में लग गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज ले जाया गया।
घायलों में आदित्य यादव (11), सिद्धार्थ यादव (10), प्रभाष यादव (12), अनिरुद्ध यादव (10), आर्यन यादव (10), आकाश तिवारी (10) और शिवम तिवारी (8) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि सभी घायल बच्चों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल लाए गए तीनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर है।
रिपोर्ट : डिजिटल डेस्क, जौनपुर














