नकाबपोश बदमाशों पर युवक के अपहरण, मारपीट और लूटपाट का आरोप
गोरखपुर में पुलिया के पास बेसुध हालत में मिला युवक, पिता ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार
सुरेरी, जौनपुर। क्षेत्र के मुगौना गांव निवासी राजकुमार यादव के साथ कथित अपहरण, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता एवं पूर्व ग्राम प्रधान भीमचन्द यादव ने दो नकाबपोश बदमाशों पर बेटे को जबरन ले जाने, मारपीट करने और उसकी बाइक व पर्स लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीमचन्द यादव ने 22 अक्टूबर को अपने पुत्र राजकुमार यादव के लापता होने की सूचना सुरेरी थाने में दर्ज कराई थी। 23 अक्टूबर की शाम पुलिस द्वारा बताई गई लोकेशन के आधार पर तलाश की गई तो युवक गोरखपुर जिले के गंगवार थाना क्षेत्र में एक पुलिया के पास ठेले पर बेसुध अवस्था में मिला।
पीड़ित राजकुमार के मुताबिक, ग्राम राईपुर में ताराशंकर के ट्यूबवेल और वरुणा पुल के पास दो नकाबपोश बदमाश पहले से मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने इशारा कर उसका वाहन रुकवाया और मारपीट करते हुए उसे जबरन अपने साथ ले गए। एक बदमाश वाहन चलाने लगा, जबकि दूसरे ने उसे बीच में बैठाकर पकड़ रखा था। पीड़ित के अनुसार, भदोही जिले के रैमलपुर विद्यालय के पास वह बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे आगे की घटना के संबंध में कुछ याद नहीं रहा।
राजकुमार ने आरोप लगाया कि बदमाश उसका पर्स, जिसमें नकदी और भारतीय स्टेट बैंक की चौरी भदोही शाखा का एटीएम कार्ड था, तथा उसकी सीडी डीलक्स बाइक (नंबर यूपी 66 डी 4391) अपने साथ ले गए। पीड़ित के मुताबिक, 23 अक्टूबर की शाम करीब 5:50 बजे बदमाश उसका मोबाइल वापस देकर और मारपीट कर उसे वहां से भगा दिए।
घटना के बाद पीड़ित के पिता ने सोमवार शाम सुरेरी थानाध्यक्ष से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की।
वहीं, पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
इस मामले में सुरेरी थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि युवक लापता हुआ था, जिसे बरामद कर लिया गया है। उन्होंने अपहरण और लूटपाट के आरोपों को झूठा बताया है। मामले में पीड़ित पक्ष के आरोपों और पुलिस के बयान के बीच विरोधाभास सामने आया है।















