विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में शनिवार को 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव की पत्नी मधु यादव के रूप में हुई है। मधु की शादी क्षेत्र के मेहरी गांव निवासी रामपति यादव की पुत्री के रूप में हुई थी। उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पति सुरेंद्र यादव रोडवेज में संविदा पर कंडक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
बताया गया कि शुक्रवार रात खाना खाने के बाद मधु अपने कमरे में चली गई थी। शनिवार भोर में परिजनों की नजर कमरे की खिड़की की ओर गई तो वह पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी दिखाई दी। परिजनों ने दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मायके पक्ष को भी सूचना दी।
मृतका के पिता रामपति यादव ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














