जमीन विवाद में घायल व्यक्ति की 37 दिन बाद मौत, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन
हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस के समझाने पर शांत हुआ मामला
मड़ियाहूं/नेवढ़िया। मड़ियाहूं क्षेत्र के नेवढ़िया थाना अंतर्गत वृंदावन (मधुपुर) गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल 55 वर्षीय रमेश गौतम की इलाज के दौरान 37 दिन बाद मौत हो गई। सोमवार की सुबह करीब चार बजे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

बताया गया कि 1 अगस्त की शाम जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में रमेश गौतम घायल हुए थे। इसके बाद उनका इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन शव लेकर नेवढ़िया थाने पहुंच गए और मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजनों का आरोप था कि वे करीब दो घंटे तक थाने पर कार्रवाई की मांग करते रहे, लेकिन तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज परिजन शव लेकर जौनपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर जाने लगे।

इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बनवारा गांव के पास भारी पुलिस बल के साथ परिजनों को रोक लिया। शव लेकर जा रहे वाहन की चाबी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
परिजनों के प्रदर्शन के कारण सड़क पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। स्कूल की छुट्टी के बाद कई स्कूली वाहन भी जाम में फंसे रहे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को वापस थाने लाया गया।
पुलिस प्रशासन ने शव वाले वाहन को थाने ले जाकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।














