कस्टम से सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, तमंचा दिखाकर लूट का आरोप

0
75

कस्टम से सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, तमंचा दिखाकर लूट का आरोप

जलालपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तमंचा व कारतूस किया बरामद

जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने कस्टम विभाग द्वारा जब्त सोना सस्ते दाम पर दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये लेने और तमंचा दिखाकर मारपीट व रुपये छीनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक सिंह पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह निवासी सागरपुर कहले, थाना मऊआइमा, प्रयागराज और रामअवध पुत्र गोपईदास निवासी विगहिया, थाना सोरांव, प्रयागराज के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार को इजरी मोड़ से पुलिस हिरासत में लिया गया।

10 लाख रुपये लेकर तमंचा दिखाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, कन्नौज निवासी विकास वर्मा ने 5 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि 13 अगस्त को आरोपियों ने उसे कस्टम विभाग से जब्त किया गया सोना सस्ते दाम पर दिलाने की बात कही। 100 ग्राम सोना 11 लाख रुपये में देने का भरोसा दिलाया गया।

आरोप के अनुसार, 14 अगस्त को सोना दिलाने के नाम पर आरोपियों ने विकास वर्मा से 10 लाख रुपये नकद लिए और उसे बुलाया। जब उसने सोना दिखाने के लिए कहा तो आरोपियों ने कथित रूप से तमंचा दिखाया और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद 10 लाख रुपये छीन लिए और दोबारा वहां दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

मामले में जलालपुर थाने में मु0अ0सं0 397/26 के तहत धारा 309(4), 115(2), 351(3), 319(2), 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई।

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, अशोक सिंह के खिलाफ वर्ष 2021 में कानपुर के नौबस्ता थाने में धोखाधड़ी व जाली मुद्रा से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ जलालपुर थाने में वर्तमान मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुजीत कुमार ओझा, उपनिरीक्षक नन्द कुमार राय, रिजर्व कांस्टेबल सुशील कुमार और रिजर्व कांस्टेबल कृष्णानन्द गौड़, थाना जलालपुर शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here