सोशल मीडिया पर भगवान राम पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप, युवक गिरफ्तार
खुटहन (जौनपुर)। सोशल मीडिया पर भगवान राम समेत हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में खुटहन पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे शांति भंग की आशंका में संबंधित न्यायालय के समक्ष चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध की रोकथाम एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के निर्देशन में खुटहन पुलिस टीम ने बुधवार को सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान नीरज कुमार (20) पुत्र नन्हेलाल, निवासी विशुनपुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत शांति भंग की आशंका के दृष्टिगत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में चालान किया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, उपनिरीक्षक रविप्रकाश सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अमित सिंह और कांस्टेबल विपिन जायसवाल शामिल रहे।














