एमिनेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में समर कैंप का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

0
22

एमिनेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में समर कैंप का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

रामपुर, जौनपुर।
रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर स्थित एमिनेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित समर कैंप कार्यक्रम उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय मड़ियाहूं, जौनपुर के प्रधानाचार्य मुदित सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगोली, चित्रकला, कैरम, चेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य मुदित सक्सेना ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे कुम्हार की मिट्टी की तरह होते हैं, जिन्हें जितना तराशा जाए वे उतना ही निखरते हैं। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को सही दिशा देकर उनकी प्रतिभाओं को निखारने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोलियां, चित्रकला और अन्य प्रस्तुतियां उनकी मेहनत और रचनात्मक सोच को दर्शाती हैं।

समर कैंप के अंतर्गत मिशन वीरांगना खेल एवं शिक्षा ट्रस्ट की ओर से लगभग 150 छात्राओं को एक सप्ताह तक ताइक्वांडो सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।

दिनांक 15 एवं 16 मई को आयोजित समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक मंडल के रूप में नवोदय विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक एन. के. पांडेय तथा वी. के. ओझा उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने आती है और उनका मानसिक एवं रचनात्मक विकास होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करता रहेगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समर कैंप के सफल आयोजन से अभिभावकों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here