गांव, वार्ड और बूथ को मजबूत करें, तभी जीता जाएगा चुनाव : अनुप्रिया पटेल

0
10

गांव, वार्ड और बूथ को मजबूत करें, तभी जीता जाएगा चुनाव : अनुप्रिया पटेल

डॉ. सोनेलाल पटेल की 76वीं जयंती पर जन स्वाभिमान दिवस में 2027 विधानसभा चुनाव का किया शंखनाद

लखनऊ। अपना दल (एस) ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज़ करते हुए संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में जीत की सबसे मजबूत नींव गांव, वार्ड और बूथ स्तर का सशक्त संगठन होता है। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, जनता से संवाद उतना ही प्रभावी होगा और पार्टी की नीतियां अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगी।

यह आह्वान राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित जन स्वाभिमान दिवस कार्यक्रम में किया गया, जो पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की 76वीं जयंती के अवसर पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। पूरे परिसर में पार्टी के झंडों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

अपने संबोधन में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और जनता के विश्वास के बल पर अपना दल (एस) आज उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को कभी राजनीतिक विरोधी “वोट कटवा” कहकर उपहास उड़ाते थे, वही पार्टी आज प्रदेश विधानसभा में 13 विधायकों के साथ प्रभावी भूमिका निभा रही है और सरकार की नीतियों में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रही है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, पिछड़े, दलित, आदिवासी एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना पार्टी की मूल विचारधारा है। पार्टी लगातार जातीय जनगणना, विशेष रूप से ओबीसी की अलग से गणना, ओबीसी कल्याण के लिए पृथक मंत्रालय की स्थापना तथा ओबीसी क्रीमी लेयर की वार्षिक आय सीमा 8 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये किए जाने की मांग उठाती रही है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर पार्टी आगे भी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से “हर घर झंडा अभियान” को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के हर गांव और हर घर तक पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों को पहुंचाए। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने तथा नए लोगों को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र प्रसाद पाल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, डॉ. सोनेलाल पटेल की सुपुत्री अमन पटेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माता बदल तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव जमुना सरोज, पप्पू माली, ओ.पी. कटियार, विधायक डॉ. आर.के. पटेल, सुनील पटेल, डॉ. रश्मि आर्या, सरोज कुरील, जयकुमार जैकी पटेल, रिंकी कोल, डॉ. सुरभि, रामनिवास वर्मा, सफीक अहमद, जितलाल पटेल सहित प्रदेशभर के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जौनपुर जिले से मड़ियाहूं के विधायक डॉ. आर.के. पटेल एवं जिलाध्यक्ष लालबहादुर पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे। उनके आगमन ने कार्यक्रम में पूर्वांचल की मजबूत भागीदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं अन्य दलों से जुड़े कई लोगों ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की सदस्यता अभियान को नई गति प्रदान की। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ताओं और जनहित के मुद्दों के बल पर पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में और अधिक प्रभावशाली प्रदर्शन करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here