रामपुर में नेशनल हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए चला प्रशासन का अभियान, ठेला-खुमची संचालकों को दी गई सख्त चेतावनी

0
26

रामपुर में नेशनल हाईवे से अतिक्रमण हटाने के लिए चला प्रशासन का अभियान, ठेला-खुमची संचालकों को दी गई सख्त चेतावनी

रामपुर, जौनपुर। नगर पंचायत रामपुर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) कुंवर गौरव सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम तथा रामपुर थाना पुलिस ने हाईवे के किनारे अतिक्रमण कर सब्जी, फल एवं अन्य सामान बेचने वाले ठेला-खुमची संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सड़क की पटरी और नेशनल हाईवे पर अस्थायी रूप से दुकानें लगाकर कब्जा किए हुए विक्रेताओं को तत्काल हटाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी परिस्थिति में नेशनल हाईवे या उसकी पटरी पर अतिक्रमण कर दुकान न लगाई जाए। यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण होने से यातायात प्रभावित होता है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और नगर की व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर पंचायत क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी समय-समय पर ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

इस दौरान रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क या हाईवे की पटरी पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें। पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा। अभियान के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु दिखाई दी।

हालांकि, अभियान के दौरान अचानक बारिश शुरू होने के कारण कार्रवाई को बीच में ही रोकना पड़ा। इसके बाद रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न करने की अपील की और चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here