ग्राम चौपाल में नव निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वितरित
जौनपुर। मड़ियाहूँ तहसील के रामपुर विकासखंड अंतर्गत ग्रामसभा नोनरा में आयोजित “ग्राम चौपाल – प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत रविवार को नव निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मड़ियाहूँ विधायक डा. आर. के. पटेल ने फीता काटकर नव निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण सामग्री वितरित कर उन्हें संतुलित आहार एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं। इसी क्रम में नवजात एवं छोटे बच्चों को दूध पिलाकर तथा खिलौने वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान टीबी रोगियों को पोषण किट प्रदान की गई, पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याएं और सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे।

विधायक डा. आर. के. पटेल ने ग्रामवासियों के साथ खिचड़ी सहभोज में भाग लेकर आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की प्रत्येक योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचे।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जनमानस तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। जनता की सेवा ही हमारा परम धर्म है और जनहित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी रामपुर अविनव सरोज, ग्राम सचिव राजकुमार, ग्राम प्रधान बदामा देवी एवं उनके प्रतिनिधि सुभाष चंद्र, अपना दल (एस) के जिला महासचिव राकेश मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवी शंकर दूबे, के. पी. मिश्रा, महामंत्री रमेश दूबे, श्यामधर मिश्रा, राजेश पटेल, जे. पी. गौतम, संतोष जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम चौपाल कार्यक्रम के सफल आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की पहल की सराहना की गई।














