देवरिया में गर्भवती गुड़िया विश्वकर्मा हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
तीन लाख रुपये में तय हुई थी हत्या की सुपारी, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गर्भवती महिला गुड़िया विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राम आशीष यादव को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। 27 अक्टूबर की सुबह रुद्रपुर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी रुद्रपुर में भर्ती कराया गया। घटना में शामिल उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात रुद्रपुर थाना क्षेत्र स्थित सीएचसी सरकारी आवास में रहने वाली गर्भवती गुड़िया विश्वकर्मा की गला दबाकर और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति, जेठ, जेठानी, सास और ननद समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
तीन लाख रुपये में तय हुई थी हत्या की सुपारी
पुलिस की जांच में सामने आया कि गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र निवासी सत्य प्रकाश यादव ने कथित तौर पर परिजनों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राम आशीष यादव और उसके साथी नरेश के साथ तीन लाख रुपये में हत्या का सौदा तय हुआ था। इसमें से ढाई लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि शेष 50 हजार रुपये बाद में दिए जाने थे।
आरोप है कि 25 अक्टूबर की रात आरोपियों ने घर में घुसकर गुड़िया विश्वकर्मा की हत्या कर दी। इसके बाद मृतका की ननद पूर्णिमा ने डायल 112 पर सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
देवरिया के पुलिस अधीक्षक अजीत आर. शंकर के मुताबिक, 27 अक्टूबर की सुबह रुद्रपुर पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे।
पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान बाइक फिसलने से दोनों संदिग्ध नीचे गिर गए और दोबारा गोली चलाने लगे। जवाबी कार्रवाई में आरोपी राम आशीष यादव के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।














