पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, दरवाजा बाहर से बंद कर फरार

0
139

पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, दरवाजा बाहर से बंद कर फरार

झांसी के सीपरी बाजार क्षेत्र की घटना; मृतका की पहचान दतिया निवासी शिवानी उर्फ सुधा के रूप में

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज चौकी अंतर्गत संगम विहार, फौजी तिराहा के पास किराये के मकान में सोमवार सुबह एक 27 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने पति पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मृतका की पहचान दतिया जिले के इंदरगढ़ निवासी शिवानी उर्फ सुधा (27) के रूप में हुई है। वह करीब तीन महीने से झांसी में अपनी छोटी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत के साथ रह रही थी। उसका पति यश ठाकुर निवासी ग्वालियर बताया गया है, जो कभी-कभी झांसी आता था।

रात में हुआ था विवाद

मृतका की बहन मुस्कान के मुताबिक रविवार रात शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शोर सुनकर पास में रहने वाले मामा संतोष मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद मामा अपने घर चले गए।

मुस्कान के अनुसार रात करीब दो बजे यश ने दरवाजा खुलवाकर बैग और कुछ सामान मांगा। सामान देने के बाद वह बाहर खड़ा रहा और मुस्कान सो गई। सुबह करीब पांच बजे उसकी नींद खुली तो शिवानी के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। करीब आधे घंटे तक प्रयास करने के बाद वह दोबारा सो गई।

कमरे में मिला खून से लथपथ शव

मृतका के भाई अनिकेत के मुताबिक सुबह करीब नौ बजे वह घर पहुंचा। शिवानी के कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर शिवानी फर्श पर पड़ी मिली। उसके कान से खून निकल रहा था और गले पर चोट के निशान थे। आसपास के लोगों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस आरोपी पति यश ठाकुर की तलाश कर रही है।

सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती, डेढ़ साल पहले शादी

परिजनों के मुताबिक शिवानी और यश की करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और परिवार की सहमति से करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी थी।

परिजनों का आरोप है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर पति द्वारा शिवानी के साथ मारपीट की जाती थी। इससे परेशान होकर वह करीब तीन महीने पहले झांसी आ गई थी। रविवार रात हुए विवाद के बाद सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here