फर्जी आयकर अधिकारी बनकर सराफा दुकान की चेकिंग करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
रामपुर। सराफा कारोबारी की दुकान पर फर्जी आयकर अधिकारी बनकर चेकिंग के नाम पर लूट का प्रयास करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रामपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 145/2026 से संबंधित फरार आरोपी जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जीत पुत्र स्व. लाल प्रताप सिंह उर्फ लुलाई सिंह, निवासी ग्राम निजामुद्दीनपुर, थाना सिकरारा, जौनपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 24 अगस्त 2026 की रात करीब 7:15 बजे हिरासत में लिया गया। उसके खिलाफ रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 204, 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 115(2), 351(3) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज है।
फर्जी अधिकारी बनकर सराफा दुकान में की थी जांच
मामला रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर बाजार का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सराफा कारोबारी की दुकान पर खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर जांच शुरू की थी। इस दौरान दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। कारोबारी से मारपीट करने और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर अपने कब्जे में लेने का भी आरोप है।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में गिरोह के कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी जितेंद्र कुमार सिंह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फर्जी अधिकारी बनकर व्यापारियों को निशाना बनाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार, कांस्टेबल सुरेश यादव एवं कांस्टेबल मंजीश निषाद।













