रामपुर में मासिक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

0
43

मासिक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
सदस्यता अभियान में 9 लोगों ने ग्रहण की अपना दल (एस) की सक्रिय सदस्यता

रामपुर (जौनपुर)। मड़ियाहूँ तहसील क्षेत्र के रामपुर मेन रोड स्थित जय भोले भोजनालय में रविवार को अपना दल (एस) रामपुर जोन की मासिक बैठक जोन अध्यक्ष रविशंकर गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ. आर.के. पटेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचायत मंच के जिलाध्यक्ष जय सिंह तथा जोन प्रभारी एवं जिला मीडिया सचिव सुनील कुमार पटेल मौजूद रहे। वहीं विधानसभा सह प्रभारी संतोष ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बूथ पर संगठन सक्रिय रहेगा तो पार्टी की विचारधारा और जनहित की योजनाएं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंच सकेंगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करने, लोगों की समस्याओं को सुनने तथा उनका समाधान कराने का प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने घर पर पार्टी का झंडा लगाने तथा पदाधिकारियों से अपने आवास पर नाम पट्टिका (नेम प्लेट) लगाने का भी आग्रह किया, जिससे संगठन की पहचान और जनसंपर्क दोनों मजबूत हों।

विशिष्ट अतिथि जय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री बहन अनुप्रिया पटेल द्वारा संसद में उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों तथा उनके नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद स्थापित करेंगे और नए लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक सरोकारों के साथ सक्रिय रहकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जोन प्रभारी एवं जिला मीडिया सचिव सुनील कुमार पटेल ने भी संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाए, लोगों की समस्याओं को सुने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाए। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाने तथा पदाधिकारियों से नाम पट्टिका लगाने की अपील की।

बैठक के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाया गया। पार्टी की नीतियों एवं नेतृत्व से प्रभावित होकर ज्ञानेंद्र जायसवाल, आयुष जायसवाल, दीपक जायसवाल (सभासद), संजीत गुप्ता, रतन बहादुर सिंह (बीडीसी), राजेंद्र प्रसाद गौतम, सिकंदर यादव (एडवोकेट), महेश कुमार प्रजापति तथा सुरेंद्र प्रजापति सहित कुल 9 लोगों ने अपना दल (एस) की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में मंगेश यादव, रिंकू उमर वैश्य, जितेंद्र आशाराम मिश्रा, रिंकू सिंह, रामनारायण पटेल, प्रदीप विश्वकर्मा, दीनानाथ, अशोक, सुरेश गुप्ता, आशीष पटेल, आशीष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय एवं समर्पित भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here