संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

0
24

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
तीन बच्चों की मां थी मृतका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के बनकट (महुआरी) गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने तथा मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बनकट (महुआरी) गांव निवासी शोभराती की पत्नी रोशनी (25) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रोशनी का मायका प्रयागराज जनपद के थाना सराय ममरेज क्षेत्र के मीठूपुर कटहरा गांव में है। मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर सके। परिजनों का कहना है कि शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद रोशनी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। उनका आरोप है कि दो दिन पूर्व भी मोटरसाइकिल की मांग को लेकर रोशनी के साथ मारपीट की गई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।

मायके पक्ष का आरोप है कि ससुर, जेठ, देवर सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर रोशनी की हत्या कर दी। आरोप के अनुसार हत्या के बाद घटना को आत्महत्या दर्शाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए मछलीशहर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। वहीं, क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here