विकास कार्यों की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, मलेथू-चौरी मार्ग पर प्रदर्शन

0
122

विकास कार्यों की बदहाली पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, मलेथू-चौरी मार्ग पर प्रदर्शन

जौनपुर। रामपुर विकास खंड के ग्रामसभा मलेथू में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। प्रभात कुमार यादव व अवध नारायण (रिंकू) यादव के नेतृत्व में करीब 50 ग्रामीणों ने मलेथू-चौरी मार्ग पर प्रदर्शन कर ग्राम प्रधान रमाशंकर गौतम के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने विद्यालय, आंगनबाड़ी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, बाउंड्रीवाल तथा हीरापट्टी स्थित गांधी घाट के पार्क व ओपन जिम के कार्यों की जांच की मांग की।

ग्रामीण अवध नारायण यादव ने आरोप लगाया कि कंपोजिट विद्यालय में दिव्यांग शौचालय नहीं है और मौजूदा शौचालय भी जर्जर है। इसके कारण बच्चों को नदी किनारे खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। बारिश के दौरान जहरीले जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।

प्रभात कुमार यादव ने आरोप लगाया कि बाउंड्रीवाल के नाम पर करीब 2.40 लाख रुपये निकाले गए। उन्होंने बताया कि बोलेरो की टक्कर से क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल के लिए वाहन चालक ने 14 हजार रुपये दिए थे, जबकि करीब दो हजार रुपये में पुरानी ईंटों से मरम्मत कराकर दीवार खड़ी कर दी गई।

विवेक कुमार यादव ने रसोई में टाइल्स नहीं लगाए जाने तथा स्ट्रीट लाइट के नाम पर करीब तीन लाख रुपये खर्च किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि धन खर्च होने के बावजूद गांव में रात के समय अंधेरा रहता है।

पूर्व ग्राम प्रधान देवराज यादव ने विद्यालय में हैंडपंप नहीं होने और करीब चार वर्षों से समर्सिबल खराब होने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्र विद्यालय से करीब 10 फीट नीचे नदी किनारे बनाया गया है, जहां बारिश में पानी भरने और छत टपकने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। विद्यालय का मुख्य गेट भी जर्जर बताया गया।

मायाशंकर गिरी ने हीरापट्टी के गांधी घाट स्थित पार्क में बेंच और ओपन जिम उपकरणों के नाम पर करीब तीन लाख रुपये खर्च किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौके पर ओपन जिम के उपकरण दिखाई नहीं देते और पार्क में धान की रोपाई तक कर दी गई है।

प्रदर्शन में पप्पू यादव, चंद्रजीत यादव, भोलानाथ गौतम, दुर्गेश, भास्कर, अर्जुन यादव, राधेश्याम गिरी, मंजूर अली, रोहित गिरी, जय आश्रय उर्फ राजा जी, धर्मेंद्र, बनवासी, रमेश गिरी, बिहारी गिरी, पूजन गिरी, विजय गिरी, संदीप कुमार गिरी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी रामपुर अभिनव सरोज ने बताया कि उन्हें इन खामियों की जानकारी नहीं है। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here