जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सस्ते दाम में सोना बेचने का झांसा देकर लोगों से लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए तीन लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को शकरमंडी निवासी आकाश सेठ ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने मारपीट कर उनसे तीन लाख रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। तहरीर के आधार पर जलालपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने इजरी मोड़ के पास से अजय सिंह उर्फ पिंटू निवासी इजरी, शुभम सिंह निवासी इजरी और इंद्रजीत सरोज निवासी निहालापुर को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूट के तीन लाख रुपये, एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और चार मोबाइल फोन बरामद हुए।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोगों को कस्टम से चोरी किया गया सोना बताकर उसे बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेचने का लालच देते थे। जब कोई व्यक्ति सोना खरीदने के लिए रुपये लेकर उनके पास पहुंचता था, तब आरोपी पुलिस का भय दिखाकर उससे रुपये लूट लेते थे और धमकाकर वहां से भगा देते थे।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजय सिंह उर्फ पिंटू ने पूछताछ में पूर्व में भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके खिलाफ जौनपुर और वाराणसी के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी समेत कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में जलालपुर थाना प्रभारी सत्येन्द्र विक्रम सिंह, एसओजी के उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश शुक्ला, प्रवीण यादव व यजुवेन्द्र सिंह, सर्विलांस प्रभारी मनोज ठाकुर समेत जलालपुर थाने और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।













