CSIR-UGC JRF में 55वीं रैंक, अंजनी यादव का AGTA पद पर चयन

0
76

CSIR-UGC JRF में 55वीं रैंक, अंजनी यादव का AGTA पद पर चयन

मदर निसा फाउंडेशन ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला, ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी

शाहगंज/जौनपुर। क्षेत्र के दो होनहार युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। इमामपुर खुटहन निवासी मोहम्मद मुजाहिदीन ने CSIR-UGC JRF 2026 की ऑल इंडिया मैथमेटिकल साइंसेज परीक्षा में 55वीं रैंक हासिल की है। वहीं अंजनी यादव का UPSSSC AGTA 2026 में एग्रीकल्चर टेक्निकल असिस्टेंट (AGTA) पद पर चयन हुआ है।

दोनों युवाओं की सफलता पर मदर निसा फाउंडेशन के कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था के अध्यक्ष आमिर शेख ने दोनों को सम्मानित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

शिक्षकों के मार्गदर्शन से अंजनी ने हासिल की सफलता

अंजनी यादव की प्रारंभिक शिक्षा कंपोजिट विद्यालय पखनपुर में हुई। उनकी शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में विद्यालय के प्रधानाचार्य गुफरान अहमद एवं शिक्षक नेमचंद बिंद का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों ने प्रारंभिक दौर में उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ ही निरंतर उचित मार्गदर्शन दिया। इसी मार्गदर्शन का लाभ उन्हें आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में मिला।

वहीं मोहम्मद मुजाहिदीन ने प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त करने के बाद धमउर कलापुर माध्यमिक उच्चतर विद्यालय, ग्राम विकास कॉलेज खुटहन तथा मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज जौनपुर से शिक्षा पूरी की। कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई के प्रति अपना संकल्प बनाए रखा और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की।

दोनों युवाओं की उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान समारोह में तारकेश बिंद, चांद बाबू, अखिलेश दुबे, परवेज अहमद, जिया अनवर, राजकुमार अश्क, फैयाज अंसारी, इमरान अहमद, अली रिजवान, सुरेंद्र यादव, सभासद गणेश चौहान, संतोष अग्रहरि, मिलन जायसवाल, गोलू विश्वकर्मा, शिवांशु, आजम, लाल बहादुर यादव, राजीव सिंह, डॉ. कासिफ, डॉ. अब्दुल्ला, कफील अहमद, जमील अहमद, अबुललैश अहमद, इरफान अहमद, डॉ. उजैर अहमद, डॉ. सुरेश गौतम, ओम प्रकाश पांडेय, डॉ. अरविंद यादव, डॉ. विकास यादव समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here