8 हजार रुपये रिश्वत लेते विद्युत विभाग का कार्यकारी सहायक गिरफ्तार

0
158

8 हजार रुपये रिश्वत लेते विद्युत विभाग का कार्यकारी सहायक गिरफ्तार

भदोही। बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेद के नाम पर 8 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण संगठन मीरजापुर मंडल की टीम ने विद्युत विभाग के कार्यकारी सहायक प्रशांत कुमार सोनी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशांत कुमार सोनी अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम, भदोही के कार्यालय में कार्यकारी सहायक के पद पर तैनात था। आरोप है कि वह बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेद से संबंधित कार्य के लिए भदोही नगर निवासी विकास कुमार गुप्ता से 8 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

शिकायतकर्ता ने 23 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर मीरजापुर मंडल की टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार को शिकायतकर्ता से जैसे ही आरोपी ने 8 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को भदोही कोतवाली ले गई, जहां उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग में भी हड़कंप मच गया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता का बिजली बिल माफ था और उसके बिजली कनेक्शन को स्थायी रूप से विच्छेद करने के लिए आरोपी द्वारा रुपये की मांग किए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद कार्रवाई की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अशोक कुमार सिंह समेत पति राम यादव, भीमशंकर मिश्रा, मुख्य आरक्षी भूपेंद्र सिंह यादव, विशाल उपाध्याय, सुबीर कुमार, ओमकार यादव, कौशल राय, आरक्षी सूरज कुमार गुप्ता, पियुष कुमार सिंह, सर्वेश तिवारी, प्रशांत सिंह, आलोक मिश्रा और नंदलाल शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here