जौनपुर: विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, चार साल की मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया

0
369

जौनपुर: विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, चार साल की मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया

रामपुर (जौनपुर)। रामपुर थाना क्षेत्र के सपही गांव में शनिवार को 26 वर्षीय विवाहिता ज्योति देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर में पंखे के सहारे उनका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, चार वर्षीय मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योति देवी की शादी करीब पांच से सात वर्ष पूर्व गुड्डू के साथ हुई थी। वह भदोही जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र के मंगुरा गांव निवासी गुलाबधर कन्नौजिया की पुत्री थीं। उनके पति काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। दंपती की एक चार वर्षीय बेटी है।

बताया जाता है कि ज्योति देवी ने घर के अंदर पंखे के सहारे धोती से फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा, जहां उनका शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलने पर रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here