छत पर जबरन बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर बढ़ा तनाव, पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

0
23

जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालापुर के झूनापुर गांव में छत पर बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर दो पट्टीदारों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। आरोप-प्रत्यारोप और तनावपूर्ण माहौल के बीच गांव में अशांति फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो मामला किसी बड़ी घटना का रूप ले सकता है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी हीरालाल पटेल का आरोप है कि उनके पट्टीदार विजय कुमार पटेल जबरदस्ती उनके एक मंजिला पक्के मकान की छत पर लगभग पांच इंच चौड़ी दीवार खड़ी कर रहे हैं। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी कहासुनी और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले की सूचना मिलने पर जमालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों पक्षों से विजय कुमार पटेल तथा लल्लन पटेल को शांति भंग की आशंका में थाने ले गई।

हालांकि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस द्वारा लोगों को थाने ले जाने के बावजूद निर्माण कार्य रुक नहीं सका और दबंग पक्ष द्वारा दीवार निर्माण का प्रयास जारी रखा गया। हीरालाल पटेल ने बताया कि उनका मकान वर्षों पुराना बना हुआ है और अब पट्टीदार जबरन उनकी छत पर कब्जा करने की नीयत से दीवार खड़ी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।

वहीं दूसरे पक्ष के विजय कुमार पटेल का कहना है कि उनकी जमीन का लगभग पांच इंच हिस्सा हीरालाल पटेल के निर्माण में चला गया है, जिसे वह किसी भी स्थिति में वापस लेकर रहेंगे। उनका दावा है कि वह अपनी ही भूमि पर निर्माण करा रहे हैं।

गांव में चल रहे इस विवाद को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही राजस्व विभाग से पैमाइश कराकर निष्पक्ष समाधान नहीं कराया तो दोनों पक्षों के बीच टकराव और बढ़ सकता है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के लोग थाने में मौजूद रहे और पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here