जमालापुर तिराहे से डॉ. सोने लाल पटेल स्मृति द्वार हटाने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
रामपुर/जौनपुर। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को जिलाधिकारी जौनपुर को ज्ञापन सौंपकर जमालापुर तिराहे पर स्थापित डॉ. सोने लाल पटेल स्मृति द्वार को हटाने तथा तिराहे का नाम वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बागी संग्राम सिंह के नाम पर किए जाने की मांग की।

जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2000 में जिला पंचायत द्वारा जमालापुर से नेवढ़िया कोट तक मार्ग का नामकरण “बागी संग्राम सिंह मार्ग” के रूप में किया गया था। इसके बावजूद जमालापुर तिराहे पर बाहरी व्यक्ति के नाम पर डॉ. सोने लाल पटेल स्मृति द्वार का निर्माण कराए जाने से क्षेत्र के लोगों में असंतोष व्याप्त है।
डॉ. परमेंद्र कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि स्मृति द्वार का निर्माण बिना सक्षम स्वीकृति के कराया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उक्त स्मृति द्वार को तत्काल हटाया जाए तथा जमालापुर तिराहे का नाम “बागी संग्राम सिंह तिराहा” और वहां स्थापित होने वाला स्मृति द्वार भी उनके नाम से किया जाए।
ज्ञापन में प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बागी संग्राम सिंह को उचित सम्मान दिलाने की भी मांग की गई।
इस दौरान डा. अनीत सिंह, उधम सिंह, चन्दन सिंह, गामा पटेल, पिंटू तिवारी, मनीष सिंह, राहुल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।














