रामपुर में बाउंड्रीवाल तोड़कर घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर और नकदी पर किया हाथ साफ

0
63

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन चौकी अंतर्गत गोसाईपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस बड़ी वारदात से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर सूचना के बावजूद समय से मौके पर न पहुंचने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार गोसाईपुर गांव निवासी सुधीर सिंह उर्फ रानू के घर में 21 मई की रात चोर घर की पूरब दिशा स्थित बाउंड्रीवाल तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने मुख्य दरवाजा खोलकर कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी में रखे सोने की चेन, झुमका, अंगूठी, सिकड़ी, पैजनी, पीतल के बर्तन तथा नकदी समेत लगभग सात लाख रुपये मूल्य के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि चोरी को अंजाम देने के बाद बदमाश अलमारी को भी अपने साथ उठा ले गए। बाद में घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में अलमारी टूटी-फूटी हालत में पड़ी मिली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह परिवार के सदस्य सोकर उठे और घर का सामान बिखरा देखा। अलमारी गायब होने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

पीड़ित परिवार के अनुसार सुबह करीब छह बजे सिधवन चौकी पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। पीड़ित सुधीर सिंह ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया कि शनिवार को रामपुर थाने में लिखित तहरीर भी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

घटना के बाद गांव के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन रात में नियमित पुलिस गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस सक्रिय रहती तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। लोगों ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की भी मांग की है।

वहीं रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

लोक दर्पण पूर्वांचल डिजिटल डेस्क

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here