स्कूल परिसर में युवक की संदिग्ध मौत मामले में पांच नामजद समेत कई पर मुकदमा, पांच गिरफ्तार

0
24

बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पांच नामजद सहित चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरद्वारी गांव निवासी संदीप गौतम (20) पुत्र सुमन गौतम का शव शुक्रवार सुबह गांव के कंपोजिट विद्यालय परिसर में बच्चों के झूले से फांसी के फंदे पर लटकता मिला था। सुबह जब ग्रामीण विद्यालय की ओर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक की बुआ सोनी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले गांव के दीपक पुत्र व्यासमुनि के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे उस समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर शांत करा दिया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपित लगातार संदीप को प्रताड़ित और धमकी दे रहे थे।

तहरीर के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के दीपक, अमन, अखिलेश, नेता, अभिषेक तथा अन्य लोगों से संदीप का विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा था कि “आज तुम्हारा आखिरी दिन है।” परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम लगभग आठ बजे दीपक संदीप को घर से अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव विद्यालय परिसर में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में बरसठी रेलवे स्टेशन के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में दीपक भार्गव पुत्र व्यासमुनि (29) निवासी हरद्वारी, अमन उर्फ रेड्डी पुत्र राजेश गौतम (18) निवासी हरद्वारी, नंद किशोर उर्फ नंदू पुत्र स्वर्गीय मातादीन (26) निवासी हरद्वारी, अखिलेश उर्फ मंजय पुत्र फूलचंद्र (33) निवासी कोहड़ा तथा एक बाल अपचारी शामिल हैं। सभी आरोपितों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दूबे, उपनिरीक्षक अनिल यादव, हेड कांस्टेबल पवित्र भूषण तिवारी, हेड कांस्टेबल हरीश यादव, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव तथा हेड कांस्टेबल कैलाश सरोज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here