जौनपुर में दुल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, थानाध्यक्ष केके सिंह घायल

0
178

जौनपुर। जिले के बहुचर्चित दुल्हा हत्याकांड में शामिल एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान खेतासराय थानाध्यक्ष केके सिंह भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए। घायल थानाध्यक्ष को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, एक मई की शाम खेतासराय थाना क्षेत्र में बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। शादी की खुशियां मातम में बदल जाने से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मुख्य आरोपी रवि यादव पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार सोमवार भोर में सूचना मिली कि दुल्हा हत्याकांड में शामिल बदमाश क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर खेतासराय थाना पुलिस, एसओजी टीम और अन्य पुलिस बल ने गोरारी मोड़ के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान एक गोली खेतासराय थानाध्यक्ष केके सिंह के हाथ में लग गई, जिससे वह घायल हो गए। बावजूद इसके पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा जारी रखा। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश रवि यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

घायल रवि यादव को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस और बाइक बरामद की है। फरार बदमाश की तलाश में इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रवि यादव जिले का कुख्यात अपराधी था और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज थे। दुल्हा हत्याकांड के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

इस मुठभेड़ के बाद पुलिस विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं दुल्हा हत्याकांड में मुख्य आरोपी के मारे जाने की खबर से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here