रामपुर पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत निकाला बाइक मार्च, अपराधियों में दहशत

0
26

रामपुर पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत निकाला बाइक मार्च, अपराधियों में दहशत

रामपुर (जौनपुर)। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रामपुर पुलिस ने गुरुवार को ऑपरेशन वज्रपात के तहत थाना क्षेत्र में व्यापक बाइक मार्च निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों और अराजक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में लगभग 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने बाइक और चार पहिया वाहनों के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में फ्लैग मार्च किया। बाइक मार्च रामपुर बाजार, गंधौना, यादव नगर, संजयनगर, रामजी नगर, जोगापुर सहित कई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इसके बाद पुलिस टीम जमालापुर पट्टी गांव पहुंची, जहां पुलिस की भारी मौजूदगी और सायरन की आवाज सुनकर संदिग्ध एवं अराजक तत्व इधर-उधर भागते नजर आए।

मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार, शराब तस्करी अथवा शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में व्यापारियों से भी संवाद किया और उन्हें अपनी दुकानों व प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि ऑपरेशन वज्रपात का उद्देश्य अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, आमजन में सुरक्षा की भावना विकसित करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आगे भी इस प्रकार के फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

पुलिस के इस बाइक मार्च को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। ग्रामीणों और व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा तथा आमजन खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here