बंद मकान को गिराकर कब्जे का आरोप, पीड़िता न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर

0
24

बंद मकान को गिराकर कब्जे का आरोप, पीड़िता न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर

रामपुर, जौनपुर। जौनपुर जिले की रामपुर नगर पंचायत के काका गली, धनुहा वार्ड संख्या-4 में एक घरौनीशुदा आबादी की भूमि पर बने मकान को कथित रूप से ध्वस्त कर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर नगर पंचायत निवासी नगीना देवी ने आरोप लगाया है कि वह घरौनी खाता संख्या-251 में दर्ज भूमि एवं उस पर बने मकान की वैध कब्जेदार हैं। उनके अनुसार लगभग 32×60 फीट क्षेत्रफल में फैले इस मकान में उनका परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से रह रहा था।

पीड़िता का कहना है कि वह अपने बच्चों के उपचार के सिलसिले में मई माह में गुजरात गई हुई थीं और मकान बंद था। आरोप है कि 10 जून को अपराह्न लगभग 3:30 बजे विपक्षी पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंचे और मकान को गिराना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया तथा बाद में भूमि पर बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया गया।

नगीना देवी के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर उनके छोटे भाई मुर्शिद अली ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई के बजाय उन्हें थाने में बैठा लिया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष ने मकान के बचे हुए हिस्सों को भी ध्वस्त कर पूरे परिसर पर कब्जा करने की कोशिश की।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की अनुपस्थिति में उसके मकान को गिराकर कब्जा किया गया है, तो यह गंभीर मामला है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

पीड़िता ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा अपनी भूमि और मकान पर पुनः कब्जा दिलाए जाने की मांग की है।

फिलहाल मामले की सत्यता और परिस्थितियों का निर्धारण प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here