ऑपरेशन ब्रजपात के तहत रामपुर थाने में व्यापारियों संग हुई बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

0
13

ऑपरेशन ब्रजपात के तहत रामपुर थाने में व्यापारियों संग हुई बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

रामपुर, जौनपुर। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामपुर थाना परिसर में ऑपरेशन ब्रजपात के तहत स्थानीय व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) परमानंद कुशवाहा ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन एवं देखरेख थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विनोद कुमार द्वारा किया गया।

बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सीओ परमानंद कुशवाहा ने उपस्थित व्यापारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विशेष रूप से आभूषण दुकानों, कपड़ा प्रतिष्ठानों, जन सेवा केंद्रों, बैंकिंग सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों एवं अन्य व्यवसायिक संस्थानों के संचालकों से अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है तथा किसी भी आपराधिक घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त होते हैं।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव देते हुए कहा कि यदि दुकानों के आसपास, बाजार क्षेत्र में अथवा बैंक एवं एटीएम के निकट कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि समय रहते सूचना मिलने पर पुलिस किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर सकती है।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा। पुलिस अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखा जाएगा।

बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर नगर पंचायत रामपुर अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल, पेट्रोल पंप संचालक, जन सेवा केंद्र संचालक, बैंक बीसी कर्मचारी, रमेश यादव, पंचम दुबे सहित क्षेत्र के अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here