रामपुर पुलिस की कार्रवाई: शांति भंग की आशंका में चार व्यक्ति गिरफ्तार, न्यायालय भेजे गए
रामपुर, जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थाना रामपुर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका के तहत गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में रामपुर पुलिस टीम ने मंगलवार को क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के मद्देनजर चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में ग्राम अकोर निवासी सलमान पुत्र स्व. शब्बर अली, सोहन कुमार पुत्र उदल प्रसाद, महेन्द्र पाल पुत्र राजनाथ पाल तथा अनिल पाल पुत्र दयाशंकर पाल शामिल हैं। सभी थाना रामपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संभावित विवाद और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह निवारक कार्रवाई की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मंजीत कुमार, उपनिरीक्षक राजेन्द्र पाण्डेय, हेड कांस्टेबल हरीशंकर दुबे, हेड कांस्टेबल सुरेश सिंह तथा कांस्टेबल राकेश यादव शामिल रहे।
थाना रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में शांति भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।














