जौनपुर: जमालापुर में दुर्गा प्रतिमा के सामने युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

0
137

जौनपुर: जमालापुर में दुर्गा प्रतिमा के सामने युवक की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

महानवमी की रात हुई घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में महानवमी की रात मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जमालापुर पट्टी निवासी रवि सिंह उर्फ टोनी (35) पुत्र संजय सिंह के रूप में हुई है। वह जमालापुर स्थित नव ज्योति संस्था के प्रबंधक थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष भी रवि सिंह बाजारवासियों के सहयोग से डाकखाने पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करा रहे थे। महानवमी के अवसर पर वहां विशाल मेले के साथ लाउडस्पीकर प्रतियोगिता, झांकी और चौकी का आयोजन किया गया था। बाजार में नव ज्योति संस्था और नवयुवक संस्था की ओर से दो प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। महानवमी के अवसर पर मेले में देर रात तक चहल-पहल बनी हुई थी।

बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रवि सिंह से देर रात होने के कारण लाउडस्पीकर बंद कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने अपना लाउडस्पीकर बंद करा दिया।

इसके कुछ देर बाद रवि सिंह अपनी संस्था के परिसर में पहुंचे, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका जताई गई। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। सोमवार तड़के करीब चार बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

युवक की अचानक मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here