जौनपुर पुलिस ने बरामद किए 201 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाए फोन
जौनपुर। साइबर क्राइम थाना/सेल और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 201 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह (IPS) के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी अनंत चन्द्रशेखर (IPS) के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता (IPS) के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा मोबाइलों की शिकायत और CEIR पोर्टल पर दर्ज विवरण के आधार पर विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी कुछ मोबाइल बरामद हुए।
बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया, एप्पल और सैमसंग समेत कई कंपनियों के फोन शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई के साथ अब तक जौनपुर पुलिस द्वारा कुल 2,239 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख रुपये बताई गई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता ने मोबाइल स्वामियों को फोन वितरित करते हुए अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
बरामद मोबाइलों में साइबर क्राइम थाना से 16, खुटहन से 21, कोतवाली से 17, मड़ियाहूँ से 15, बदलापुर व शाहगंज से 14-14, बक्शा से 12, चंदवक व सुजानगंज से 10-10, लाइन बाजार से 9, केराकत व जलालपुर से 8-8, रमपुर से 7, सरायख्वाजा से 6, मुंगरा बादशाहपुर व सरपतहां से 5-5, खेतासराय, गौरा बादशाहपुर व जफराबाद से 4-4, मछलीशहर से 3, मीरगंज, सिकरारा व महराजगंज से 2-2 तथा सिंगरामऊ और बरसठी से 1-1 मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस ने लोगों से संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अनजान व्यक्ति के कहने पर रिमोट एक्सेस एप इंस्टॉल न करने और किसी को भी अपना UPI PIN या MPIN न बताने की अपील की है।














