ढाई माह से लापता लाइब्रेरी संचालक का पेड़ से लटका मिला शव

0
76

ढाई माह से लापता लाइब्रेरी संचालक का पेड़ से लटका मिला शव

बगीचे में शव मिलने से मची सनसनी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मौत के कारणों की जांच जारी

सुइथाकला (जौनपुर)। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला बस स्टॉप के पास कोटिला गांव स्थित एक बगीचे में रविवार सुबह एक युवक का शव बेल के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऊंचगांव निवासी संतोष गौतम (37) के रूप में हुई है। संतोष जमौली गांव के कम्मरपुर मोड़ पर एस.के.एस. डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन करता था।

बताया जाता है कि रविवार सुबह कुछ बच्चे कोचिंग के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बगीचे में पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव की पहचान संतोष गौतम के रूप में होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार संतोष अपने पिता अलगू गौतम के दो पुत्रों में छोटा था और अविवाहित था। वह 3 जुलाई की रात से घर से लापता था। परिजन अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे थे। बताया गया कि इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। घर से करीब तीन किलोमीटर दूर ढाई माह बाद उसका शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर सरपतहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। नवागत क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली।

चौकी प्रभारी पट्टी नरेंद्रपुर सुरेश सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष की व्यस्तता के चलते वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here