जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: खो-खो खिलाड़ी समेत दो की मौत, तीन घायल

0
199

जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: खो-खो खिलाड़ी समेत दो की मौत, तीन घायल

अरुआवां बाजार के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र में मछलीशहर-मड़ियाहूं मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा अरुआवां बाजार के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने से हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के लाजीपार गांव निवासी धरम सरोज (21) बुधवार की रात अपने साथी सूरज सरोज के साथ मछलीशहर में भरत मिलाप देखने जा रहे थे। इसी दौरान अरुआवां बाजार के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी धरम सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक पर पीछे बैठे सूरज सरोज घायल हो गए।

वहीं, दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मछलीशहर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दूसरी बाइक के चालक समेत तीन युवकों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान दूसरी बाइक के चालक ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल सूरज सरोज का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और धरम सरोज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

### इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राज्य स्तरीय खो-खो खिलाड़ी धरम सरोज की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। धरम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

एक सड़क हादसे ने एक होनहार खिलाड़ी की जिंदगी छीन ली और दो परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। घटना ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को रेखांकित किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here