पूरेदयाल सोरहा गांव में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

0
90

पूरेदयाल सोरहा गांव में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के पूरेदयाल सोरहा गांव में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा युवक की पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बौरिया गांव के पास खेतों में भैंस चरा रहे कुछ युवकों के पास एक अज्ञात युवक पहुंचा और पानी मांगा। चरवाहों ने उसे पानी पिलाया। इसके बाद युवक वहां से कुछ दूरी पर स्थित पूरेदयाल सोरहा गांव की ओर चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह लड़खड़ाते हुए एक पेड़ के नीचे पहुंचा और अचानक गिर पड़ा।

कुछ देर बाद पशु चरा रहे युवकों की नजर उस पर पड़ी। जब वे उसके पास पहुंचे तो युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना स्थल दो थाना क्षेत्रों की सीमा के निकट होने के कारण सूचना मिलते ही रामपुर एवं सुरेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के बाद सुरेरी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

सुरेरी थाना के उपनिरीक्षक श्री भगवान ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। युवक ने केवल नीले रंग का लोवर पहन रखा था, जबकि शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई वस्त्र नहीं था।

पुलिस जांच के दौरान मृतक के हाथ पर “प्रीति महाकाल” लिखा हुआ पाया गया है। पुलिस इसे पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण सुराग मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है तथा गुमशुदगी से संबंधित अभिलेखों का भी मिलान कराया जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल सुरेरी थाना पुलिस को सूचित करें, जिससे उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

फिलहाल युवक की पहचान और उसकी मृत्यु के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here