प्रदेशीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में सारिका भारती ने जीता स्वर्ण पदक, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव
रामपुर, जौनपुर। 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय नोनारी, रामपुर, जौनपुर की छात्रा सारिका भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
23 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में आयोजित प्रतियोगिता में नेशनल स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित अंडर-17 वर्ग में सारिका भारती ने वाराणसी मंडल की ओर से प्रतिभाग करते हुए अयोध्या मंडल की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
सारिका भारती, सत्यनारायण भारती की पुत्री एवं ग्राम नोनारी, रामपुर की निवासी हैं। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने वर्ष 2024, 2025 और 2026 में लगातार तीन बार प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। इसके अलावा वर्ष 2025 में उन्होंने NMMS परीक्षा में भी सफलता हासिल की थी।
सारिका की इस उपलब्धि पर ग्राम प्रधान धीरेंद्र सिंह ‘सिंटू’ द्वारा स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रा के साथ उनके कोच विजय कुमार पाल एवं अनिल कुमार पटेल का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। ग्राम प्रधान ने विद्यालय के समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से वे आगे चलकर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करते हैं।
समारोह में राजू सिंह, सतीश सिंह, संदीप सिंह, डॉ. रवि सिंह सहित विद्यालय परिवार, ग्राम सभा के संभ्रांत नागरिक एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर रविन्द्र सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, मानिक चंद पटेल, ध्यानचंद प्रजापति, विनय सिंह, गणेश श्रीवास्तव, लवकुमार सिंह, संदीप यादव, विकास तिवारी, माधुरी पांडे, संगीता दिनकर एवं साधना देवी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने सारिका समेत विद्यालय के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सारिका की लगातार तीन वर्षों की स्वर्णिम उपलब्धि ने न केवल कंपोजिट विद्यालय नोनारी बल्कि पूरे रामपुर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।














