रामपुर पुलिस ने अवैध असलहे के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार
जौनपुर। रामपुर थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को बाल्थर स्कूल से मेन रोड फजुलहा के पास से आशीष यादव उर्फ बड़कऊ यादव पुत्र राजकरन यादव उर्फ मल्लू यादव, निवासी ग्राम राजापुर, थाना रामपुर, जौनपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रामपुर में मु0अ0सं0 190/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2018 से 2026 तक कुल नौ मुकदमों का उल्लेख किया गया है, जिनमें तीन मामले धारा 3/25 आर्म्स एक्ट से संबंधित हैं।
गिरफ्तारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मंहगू यादव, कांस्टेबल राजा कुमार, सूरज गुप्ता और मनोज राय की पुलिस टीम ने की। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।














