भदोही में आंधी-तूफान का कहर: 15 लोगों की मौत, 8 घायल

0
124

भदोही में आंधी-तूफान का कहर: 15 लोगों की मौत, 8 घायल
तेज तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त, डीएम-एसपी ने प्रभावित गांवों का किया दौरा

भदोही। जनपद भदोही में बुधवार की शाम आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। शाम लगभग 5:30 बजे अचानक तेज हवाओं और तूफान के चलते जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पेड़ उखड़ गए तथा बिजली के खंभे मकानों और मंदिरों पर गिर पड़े। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 16 पशुओं की मृत्यु की भी सूचना प्राप्त हुई है।

तूफान के कारण जिले के कई गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं से लोगों के घरों की छतें उड़ गईं और कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे और पेड़ों के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर किया गया है।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने आपदा प्रभावित गांवों का संयुक्त दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक घटना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से खड़ा है। मृतकों के परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य दैवीय आपदा राहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी तथा घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना या आपदा की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, जिससे समय रहते राहत पहुंचाई जा सके। जिला प्रशासन की टीमें लगातार विभिन्न माध्यमों और सोशल मीडिया से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here