सिधवन बाजार में एक ही रात कई दुकानों के ताले टूटे, लाखों की चोरी से व्यापारियों में दहशत
25 जनवरी की चोरी का अब तक नहीं हुआ खुलासा, व्यापारियों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग
रामपुर, जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन बाजार में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में कई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर नकदी, आभूषण, दवाइयों सहित अन्य कीमती सामान समेट ले गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के उद्देश्य से दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी अपने साथ ले गए तथा कई कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से पूरे बाजार में दहशत और व्यापारियों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने सिधवन बाजार स्थित देवी आभूषण भंडार, श्री साईं मिष्ठान भंडार, एम.एस. एकेडमी, श्री शिव मेडिकल स्टोर सहित कई दुकानों के शटर और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकानों में रखी नकदी, आभूषण, दवाइयों तथा अन्य मूल्यवान सामान पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वास्तविक क्षति का आकलन संबंधित दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है।

मंगलवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते बाजार में व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल रामपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि 25 जनवरी 2026 को भी इसी सिधवन बाजार में बड़ी चोरी की घटना हुई थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस उस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। अब एक बार फिर हुई सिलसिलेवार चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस चोरी का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, बाजार में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
इस संबंध में रामपुर थाना पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। विभिन्न बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














