लापरवाही पर SSP का हंटर, चार दरोगा समेत 10 पुलिसकर्मी निलंबित

0
18

लापरवाही पर SSP का हंटर, चार दरोगा समेत 10 पुलिसकर्मी निलंबित

सरायख्वाजा के छह और लाइन बाजार के चार पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई, अपराधियों की निगरानी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर गिरी गाज

जौनपुर। पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने रविवार को कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता तथा अपराधियों की निगरानी में अपेक्षित सतर्कता न बरतने के मामले में चार उपनिरीक्षकों समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एक साथ दो थानों के पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

एसएसपी की कार्रवाई में थाना सरायख्वाजा के छह तथा थाना लाइन बाजार के चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सभी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

सरायख्वाजा के छह पुलिसकर्मी निलंबित
थाना सरायख्वाजा में तैनात उपनिरीक्षक गोविन्द मौर्या, उपनिरीक्षक खलीकुज्जमा, मुख्य आरक्षी मनोज गोंड, मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी धनन्जय यादव और आरक्षी अक्षय कुमार को निलंबित किया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अपराधियों की निगरानी में अपेक्षित सतर्कता न बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई।

लाइन बाजार के चार पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज
थाना लाइन बाजार में तैनात उपनिरीक्षक रामभरोसराम, उपनिरीक्षक धन्जी चौधरी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह और आरक्षी विश्वास यादव को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
एक साथ 10 पुलिसकर्मियों के निलंबन को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर एसएसपी की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मियों में खलबली मची हुई है। वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ड्यूटी के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा जिम्मेदारियों के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here