28 थानों की संयुक्त कार्रवाई में 205 अभियुक्त गिरफ्तार
14 वांछित और 191 वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
जौनपुर। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए जौनपुर पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद के 28 थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 205 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें 14 वांछित अभियुक्त और 191 गैर-जमानती वारंट (NBW) वाले वारंटी अभियुक्त शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील कराने के साथ ही विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान थाना स्तर पर गठित पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थानावार कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली से 7, लाइन बाजार से 11, जफराबाद से 4 वारंटी व 3 वांछित, शाहगंज से 7, खेतासराय से 6, खुटहन से 13 वारंटी व 2 वांछित, सरपतहां से 9, केराकत से 9 वारंटी व 2 वांछित, चंदवक से 12 तथा जलालपुर से 6 वारंटी व 4 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
इसी क्रम में गौराबादशाहपुर से 11, सरायख्वाजा से 6, बक्सा से 8, सिकरारा से 7, तेजीबाजार से 3 वारंटी, बदलापुर से 4, सिंगरामऊ से 3, महराजगंज से 4, सुजानगंज से 6, मछलीशहर से 6, मुंगराबादशाहपुर से 10, मीरगंज से 7, पवारा से 4, मड़ियाहूं से 10, रामपुर से 6, नेवढ़िया से 4, बरसठी से 5 वारंटी व 3 वांछित तथा सुरेरी थाना क्षेत्र से 3 NBW अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
जौनपुर पुलिस ने बताया कि वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबित वारंटों के निस्तारण के साथ अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














